व्हाइट हाउस के संचार निदेशक एंथनी स्कारामूची को पदभार ग्रहण करने के 10 दिन बाद ही पद से हटा दिया गया। सीएनएन के मुताबिक, स्कारामूची को सोमवार को इस पद से बर्खास्त कर दिया गया। इससे पहले बीते सप्ताह चीफ ऑफ स्टाफ रेंस प्रीबस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिनके स्थान पर अब जॉन केली ने पद संभाला है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा हकाबी सैंडर्स ने सोमवार दोपहर को जारी बयान में कहा, "एंथनी स्कारामूची व्हाइट हाउस के संचार निदेशक पद से हट रहे हैं।"
सारा ने कहा, "स्कारामूची को लगता है कि चीफ ऑफ स्टाफ जॉन केली को अपने अधिकारों का प्रयोग करने देने और अपनी टीम तैयार करने देना चाहिए। हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"
सैंडर्स ने यह भी कहा कि अब पूरा व्हाइट हाउस केली को रिपोर्ट करेगा।
उन्होंने कहा, "जनरल केली के पास व्हाइट हाउस के कामकाज का संचालन करने का पूरा अधिकार है और पूरा स्टाफ उनके निर्देशों का पालन करेगा।"
सैंडर्स से यह पूछे जाने पर कि क्या जेयर्ड कुश्नर, इवांका ट्रंप और स्टीव बैनन भी केली को रिपोर्ट करेंगे। इसके जवाब में कहा, "इसका मतलब है कि व्हाइट हाउस के सारे कर्मचारी।"
जॉन केली के शपथ लेने के बाद स्कारामूची को पद से हटाया गया है।
सीएनएन के मुताबिक, केली ने स्कारामूची के साथ उनके कार्यालय में बैठक भी की थी।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि सेवानिवृत्त मरीन जनरल जॉन केली चाहते थे कि स्कारामूची को संचार निदेशक के पद से हटाया जाए, क्योंकि उन्हें लगता था कि स्कारामूची अनुशासित नहीं हैं और वह विश्वसनीयता से परे है।
स्कारामूची मई के बाद से व्हाइट हाउस के तीसरे संचार निदेशक हैं, जिन्हें पद से हटाया गया है।