प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व
प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। मोदी ने
आज वाजपेयी के आवास पर जाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे
स्वास्थ्य की कामन की है। मोदी के अलावा शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह,
संसदीय कार्य राज्य मंत्री विजय गोयल समेत कई अन्य नेताओं ने वाजपेयी के
आवास पर जाकर जन्मदिन की बधाई दी है। इससे पहले मोदी ने ट्वीट कर कहा कि
प्यारे अटल जी को जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में भारत
का विकास हुआ और पूरी दुनिया में हमारा सम्मान बढ़ा है। मैं उनके अच्छे
स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘एक राजनेता के रूप में अटल जी का जीवन हर
कार्यकर्त्ता के लिए एक संदेश है, अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्रहित को
समर्पित है उन्होंने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में लोक-कल्याणकारी शासन
देकर देश में सुशासन की कल्पना को साकार किया।‘‘ उन्होंने कहा कि हम सभी
कार्यकर्त्ताओं के आदरणीय पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी
जी के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से उनके अच्छे
स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह उनके लंबे स्वास्थ्य की कामना करते हुए लिखा, हमारे
प्रिय नेता और मार्गदर्शक, अटलजी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। अटलजी एक
विशाल और दूरदर्शी नेता हैं जिन्होंने भारतीय राजनीति में अच्छे प्रशासन,
विकास और प्रदर्शन की राजनीति की शुरुआत की। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और
लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।