यूपी बीजेपी का नया अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को बनाया गया है।
स्वतंत्र देव सिंह, इस वक्त उत्तर प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री हैं। तो
वहीं महाराष्ट्र में भी बीजेपी का नया अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल को नियुक्त
किया गया है।
बता दें कि केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद मौजूदा महेंद्र नाथ
पांडेय ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। बीजेपी की ‘एक
व्यक्ति-एक पद’ की नीति के तहत केंद्रीय मंत्री बनने के बाद महेंद्र नाथ
पांडे एक साथ यूपी बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री नहीं रह सकते थे,
इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान जारी कर
कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने स्वतंत्र देव सिंह को यूपी बीजेपी
का अध्यक्ष नियुक्त किया है, ये नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू है।
बता दें कि स्वतंत्र देव सिंह के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है। लोकसभा
चुनाव के दौरान स्वतंत्र देव सिंह मध्य प्रदेश के इंचार्ज थे। उनकी देखरेख
में बीजेपी ने मध्य प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन किया और बीजेपी ने 29 में से
28 सीटें जीती। स्वतंत्र देव सिंह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं।
सितंबर 2017 में वे विधान परिषद के निर्वाचित हुए थे। बता दें कि स्वतंत्र
देव सिंह ओबीसी समुदाय से आते हैं।
विधानसभा उपचुनाव में पहली परीक्षा
स्वतंत्र देव सिंह की पहली परीक्षा यूपी की 12 सीटों पर होने वाले विधानसभा
उपचुनाव में होगी। यूपी के 12 विधायक लोकसभा चुनाव में सांसद बन गए हैं।
कुछ ही दिनों में इन सभी सीटों पर उपचुनाव होने को है।