सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को खत्म करने की मुहिम की शुरुआत करते
हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मथुरा में बड़ा ऐलान किया है। पीएम
मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वह 2 अक्टूबर तक अपने घरों, दफ्तरों
को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त कर लें। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने
बिना नाम लिए पाकिस्तान पर भी निशाना साधा।
पीएम मोदी ने कहा कि, आतंकवादियों को पनाह और प्रशिक्षण देने वालों के
खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भारत पूर्ण रूप से सक्षम है और हमने करके
दिखाया भी है। आज आतंकवाद एक विचारधारा बन गई है, जो किसी सरहद से नहीं
बंधी है। ये एक Global problem है, जिसकी मजबूत जड़ें हमारे पड़ोस में
फल-फूल रही हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर भी वार किया।
पीएम ने कहा कि हमारे देश में कुछ लोगों के कान पर अगर ऊं या गाय शब्द
पड़ता है तो उनके बाल खड़े हो जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसा कहने
वालों ने देश को बर्बाद करने में कुछ नहीं छोड़ा है। हमारे भारत में पशुधन
काफी बड़ी बात है, इसके बिना अर्थव्यवस्था, गांव कुछ नहीं चल सकता है।
पीएम मोदी ने कहा कि, हमें समाधान खोजने हैं कि हरे चारे की उचित
व्यवस्था कैसे सुनिश्चित हो, उन्हें भी पोषक आहार कैसे मिले? प्लास्टिक की
थैलियों का सस्ता और सुलभ विकल्प क्या हो सकता है? ऐसे अनेक विषयों का हल
देने वाले स्टार्ट अप शुरू किए जा सकते हैं। भारत के डेयरी सेक्टर को
विस्तार देने के लिए हमें नई तकनीक की जरुरत है। ये इनोवेशन हमारे ग्रामीण
समाज से भी आएं इसीलिए आज स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज की शुरुआत कर रहा हूं।
इस टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 51 करोड़ गाय, भैंस, भेड़, बकरी और सूअरों
को साल में 2 बार टीके लगाए जायेंगे। जिन पशुओं का टीकाकरण पूर्ण हो
जायेगा, उन्हें पशु आधार देकर उनके कानों में टैग लगाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि, पशुधन को लेकर सरकार कितनी गंभीर है कि सरकार के 100
दिनों में जो बड़े फैसले लिए गए, उनमें से एक पशुओं के टीकाकरण से जुड़ा
है। इस अभियान को विस्तार देते हुए राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम
और कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। पर्यावरण और स्वास्थ्य
से जुड़ा एक विषय है जल संकट। जल संकट का उपाय है- जल जीवन मिशन। इस मिशन
के तहत जल संरक्षण और हर घर जल पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। इसका बहुत
बड़ा लाभ गांवों में रहने वालों को, किसानों को मिलेगा। इससे माताओं-बहनों
को सुविधा मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा कि, स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के साथ ही कुछ
परिवर्तन हमें अपनी आदतों में भी करने होंगे। हमें ये तय करना है कि हम जब
भी बाजार में कुछ भी खरीददारी करने जाए, तो साथ में कपड़े या जूट का झोला
जरूर ले जाएं। पैकिंग के लिए दुकानदार प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें।
मैं देश भर के गांव-गांव में काम कर रहे हर सेल्फ हेल्प ग्रुप से, सामाजिक
संगठनों से, युवा मंडलों से, महिला मंडलों से, क्लबों से, स्कूलों और
कॉलेजों से, सरकारी और निजी संस्थानों से, हर व्यक्ति हर संगठन से इस
अभियान से जुड़ने का आग्रह करता हूं।
पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि अब सिंगल यूज प्लास्टिक से हमें छुटकारा
पाना ही होगा। हमें कोशिश करनी है कि 2 अक्टूबर तक अपने दफ्तरों, घरों और
अपने आस पास के वातावरण को सिंगल यूज प्लास्टिक से मुक्त करना है। आज
स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत हुई है, नेशनल एनीमल डिजीज कंट्रोल
प्रोग्राम को भी लॉन्च किया गया है।
इससे पहले गायों के पेट से पॉलीथिन निकालने का लाइव ऑपरेशन देखकर
प्रधानमंत्री मोदी भावुक हो गए। वहीं, मुख्यमंत्री योगी के चेहरे पर भी
दर्द छलक आया। प्रधानमंत्री मोदी ने रोजाना कूड़ा बीनने वाली महिलाओं से
जाना कि किस तरह से कूड़े से प्लास्टिक को अलग किया जाता है।
उन्होंने गायों की नस्लों के बारे में जानकारी ली। राष्ट्रीय गोकुल मिशन
के द्वारा पशुओं का संवर्धन किया जा रहा है। पशु चारे को किस तरह से उगाया
जाए यह भी प्रदर्शनी में शामिल है। प्रधानमंत्री ने मंच से विकास योजनाओं
का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री गिरीराज सिंह
और संजीव बलियान भी मौजूद रहे।