पिछले कुछ दिनों से रश्मि देसाई अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। कुछ दिनों पहले खबर आई थी कि रश्मि के एक्स बॉयफ्रेंड अरहान खान ने उनके बैंक अकाउंट से 15 लाख रुपये निकाले हैं। इसके बाद से अरहान खान को सोशल मीडिया पर काफी नेगेटिव कमेंट्स सुनने को मिले। अब अरहान ने खुद इस पर अपना रिएक्शन दिया है।

बता दें कि अरहान पर आरोप लगा था कि जब रश्मि बिग बॉस के घर में थीं तब अरहान का परिवार, रश्मि के घर में रहता था। इस पर अरहान ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा, 'मेरी फैमिली कभी रश्मि के घर पर नहीं रुकी क्योंकि मेरा परिवार मेरे और रश्मि के रिश्ते के खिलाफ था। मैं अब तक इस बारे में चुप था क्योंकि मैं ये सब पब्लिक में नहीं लाना चाहता था। रश्मि के लिए ये लाइमलाइट में रहने का तरीका है। उन्होंने मीडिया में अपने ब्रेकअप की अनाउंसमेंट की, लेकिन वह इसे मैच्योरली हैंडल कर सकती थीं।'
बता दें कि रश्मि ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने अरहान को फोन गिफ्ट किया था और उस फोन पर अपना थंबप्रिंट लगाया था। इस पर अरहान ने कहा, 'रश्मि ने मुझे कभी फोन नहीं दिया। हां, मेरे फोन में रश्मि का थंबप्रिंट था क्योंकि रश्मि अपने पास्ट की वजह से मुझे लेकर इंसिक्योर थी। हालांकि मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं थी।'
अरहान ने रश्मि को लेकर कहा कि वह वूमन कार्ड खेल रही हैं। लेकिन मैं सही के लिए खड़ा रहूंगा। रश्मि ये सब ड्रामा कर रही है। मेरी चुप्पी का लोगों ने गलत मतलब निकाला है।
रश्मि के अकाउंट से 15 लाख निकालने वाले आरोपों पर अरहान ने कहा, 'मैं रश्मि के साइन किए हुए चेक के बिना उनके अकाउंट से कैसे पैसे निकाल सकता हूं और मैं रश्मि के साइन नहीं कर सकता हूं। हां, लेकिन मैंने रश्मि के कहने पर उन लोगों को चेक दिए थे जिन्हें रश्मि ने देने को कहा था। मैंने रश्मि के बिग बॉस में जाने से पहले उन्हें सारी डिटेल भी दी थी। तो मुझपर लगे सभी आरोप गलत है।'