कोरोना वायरस के संकट के बीच डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए केंद्र सरकार द्वारा कड़ा फैसला लिए जाने के एक दिन बाद ही दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में गुरुवार को डॉक्टरों और सुरक्षा गार्ड से अभद्रता का एक और मामला सामने आया है।

एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने गुरुवार को एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि आज CATS एम्बुलेंस से लाए गए COVID-19 संक्रमित मरीजों को जब अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें थोड़ी देर इंतजार करने के लिए कहा तो वो सभी संक्रमित मरीज अपने मास्क उतारकर डॉक्टरों और स्टाफ के करीब आ गए और उन्हें भी कोरोना से मारने की धमकी दी।
इस घटना के बाद डॉक्टरों ने अपनी और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार से इस बारे में ठोस कदम उठाने की मांग की है।