मध्य प्रदेश के सागर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा
के राष्ट्रीय अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा
कि विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ
करने को कहा था और इसको लेकर बड़े-बड़े दावे भी किया थे लेकिन अभी तक कर्ज
माफी नहीं हुई।
अमित शाह ने कहा कि “मध्य प्रदेश में 50 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ
करना था और अभी तक 5 हजार करोड़ का भी कर्ज माफ नहीं किया। कांग्रेस ने
मध्य प्रदेश के किसानों को छलने का काम किया है।”
कमलनाथ सरकार की आलोचना करते हुए अमित शाह ने कहा ‘भाजपा के नेतृत्व में
शिवराज सरकार में लॉ एंड ऑर्डर का मतलब था कानून-व्यवस्था लेकिन कांग्रेस
सरकार आने के बाद लॉ एंड ऑर्डर का मतलब हो गया है लो और ऑर्डर करो। यानी
घूस लो और काम करो’।
किसानों के साथ छल करने का आरोप लगाते हुए अमित शाह ने कहा कि “पीएम
किसान सम्मान निधि’ योजना के लिए पात्र किसानों की सूची अभी तक मध्य प्रदेश
सरकार ने केंद्र सरकार को उपलब्ध नहीं कराई है। जिससे यहां के किसानों को
अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। मध्य प्रदेश सरकार आयुष्मान भारत
योजना में अड़ंगे लगा रही है।”
बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने केंद्र सरकार की
तारीफ में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को दिखा दिया है कि
भारत की सरहदों के साथ छेड़छाड़ करने का परिणाम क्या होता है। एक बार
सर्जिकल स्ट्राइक और एक बार एयर स्ट्राइक कर आतंकवादियों का खात्मा किया
है। लेकिन सेना के पराक्रम पर भी विपक्ष को भरोसा नहीं है।”
फर्जीवाड़े पर कांग्रेस को घेरते हुए अमित शाह ने कहा, “एयर स्ट्राइक के
सुबूत मांगने वाले राहुल गांधी से मैं बताना चाहता हूं ‘फर्जीवाड़ा भाजपा
का संस्कार नहीं बल्कि कांग्रेस का संस्कार है’।”